डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को मिले मुख्यमंत्री शिक्षक कैश लेस चिकित्सा कार्ड
•कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 20 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कार्ड वितरित, मुख्यमंत्री के आगरा से हुए शुभारंभ कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
सुलतानपुर। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से हुए राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने देखा और सुना।
इसके बाद जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गनपत सहाय पीजी कॉलेज तथा केएनआईपीएसएस के कुल 20 शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों ने प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इससे शिक्षकों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और वे सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और दोनों ही जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं।
कार्यक्रम का संचालन राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रीति प्रकाश ने किया, जबकि प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक एस.पी. सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर, प्राचार्य डॉ. अजय सिंह, प्रो. अंग्रेज सिंह राणा, डॉ. सुनील त्रिपाठी, डॉ. एस.पी. सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी इस योजना के क्रियान्वयन से जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने इसे सरकार की एक उपयोगी एवं कर्मचारी हितैषी पहल बताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अधिक सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी।























































Leave a comment