Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, सभी थानों पर हुई पीस कमेटी की बैठक

देवरिया।आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम एवं बारावफात जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में थाना प्रभारियों के साथ जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, ग्राम प्रधान, डीजे संचालक, धार्मिक आयोजन समितियों के सदस्य एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में कोतवाली, गौरीबाजार, एकौना एवं बनकटा सहित जनपद के सभी थानों पर आयोजित बैठकों में अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठकों में यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों, कांवड़ की ऊंचाई तथा जुलूसों से संबंधित सभी शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा धार्मिक एवं सामाजिक समरसता को प्रभावित करने वाले गीतों एवं दृश्यों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए कहा गया कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh