डीएम ने जेई के खिलाफ दर्ज करवाई एफ आई आर भंवरनाथ मंदिर मार्ग पर गड्ढे व जलभराव मिलने पर जताई नाराजगी
आजमगढ़ में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अवर अभियंता (जेई) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर की गई। जिलाधिकारी ने 26 जुलाई को बाबा भंवरनाथ मंदिर परिसर और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भंवरनाथ से कम्हेनपुर संपर्क मार्ग के शुरूआती 400 मीटर हिस्से में गड्ढे और जलभराव मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को संबंधित अवर अभियंता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। निर्देश के अनुपालन में निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने कंधरापुर थाने में अवर अभियंता रतनदीप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और 198 के तहत मुकदमा दर्ज कराया। प्रशासन का कहना है कि संबंधित अधिकारी ने उच्चाधिकारियों के निदेर्शों की अवहेलना की तथा मार्ग की मरम्मत न कराने से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।





















































Leave a comment