Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पुलिस कर्मी के घर के दरवाजे से भैंस खोल ले गए चोर दूसरी बार हुई वारदात, गांव में चोरी से हड़कंप, सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुंआ गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के घर के बाहर बंधी भैंस चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार धनहुंआ गांव निवासी सत्यनारायण यादव के घर के दरवाजे पर भैंस बंधी हुई थी। देर रात अज्ञात चोर भैंस की रस्सी खोलकर उसे अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो भैंस गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि सत्यनारायण यादव के घर पर चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी उनके यहां चोरी हो चुकी है, जिसके कारण परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही जहानागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संभावित मार्गों और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh