ट्रैक्टर की ट्रॉली को लेकर महराजगंज में घमासान, एक के बाद एक दर्ज हुए चार मुकदमे
•बिना बताए ट्रॉली बेचने और वापस मांगने पर गाली-गलौज का आरोप, चार लोग नामजद
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के नौरार देवारा जदीद कित्ता प्रथम गांव में ट्रैक्टर की ट्रॉली को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही घटनाक्रम को लेकर चार अलग-अलग शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सभी तहरीरों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज करते हुए सुनील यादव, उपेंद्र यादव, अंकुश यादव और गोलू उर्फ संगम मौर्य को नामजद किया है। एक ही मामले में लगातार चार एफआईआर दर्ज होने से गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गांव के ही सुनील यादव ट्रैक्टर की ट्रॉली मांगकर ले गए थे। जब ट्रॉली वापस मांगी गई तो उसे लौटाने से इनकार कर दिया गया और गाली-गलौज की गई। आरोप यह भी है कि बाद में जानकारी मिली कि शिकायतकर्ताओं की जानकारी और अनुमति के बिना ट्रॉली को बेच दिया गया।
इस प्रकरण में प्रवेश चौहान की तहरीर पर एफआईआर संख्या 0183, जौहर यादव की तहरीर पर एफआईआर संख्या 0184, उषा देवी की तहरीर पर एफआईआर संख्या 0185 तथा गुलाब यादव की तहरीर पर एफआईआर संख्या 0186 महराजगंज थाने में 29 जुलाई 2026 की देर रात दर्ज की गई। जौहर यादव और गुलाब यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के साथ 352 भी लगाई गई है।
चारों मुकदमों में आरोपितों के नाम समान हैं। सभी शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कुछ मुकदमों की जांच उपनिरीक्षक सुधीर पांडेय तथा शेष मामलों की विवेचना उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस सूत्रों की माने तो चारों मुकदमों की विवेचना चल रही है और उम्मीद है कि शाम तक दूध का दूध व पानी का पानी हो जाए।






















































Leave a comment