योगी सरकार रेशम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री राकेश सचान
•रेशम विभाग की योजनाओं, बजट और प्रशिक्षण कार्यों की मंत्री राकेश सचान ने की समीक्षा
लखनऊ, 30 जुलाई 2026।प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को रेशम निदेशालय, लखनऊ के सभाकक्ष में रेशम विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, बजट व्यय, न्यायालयों में लंबित वादों, अनुशासनिक जांचों तथा गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
मंत्री सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार सृजन के लिए रेशम क्षेत्र को सशक्त बना रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ भौतिक सत्यापन पर विशेष ध्यान देने, प्रशिक्षण केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, नियमित मॉनिटरिंग और प्रशिक्षित लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं उत्पादन गतिविधियों से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बजट व्यय की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक मद में व्यय का सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने अनुशासनिक जांचों और न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश को दिलाने के लिए प्रभावी प्रस्ताव तैयार कर समय से भेजने और सक्रिय समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में रेशम उत्पादन, वृक्षारोपण, प्रशिक्षण अवसंरचना और नियमित निगरानी सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई और अधिकारियों को सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव बी. एल. मीणा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
























































Leave a comment