घोसी क्षेत्र में अवैध बस संचालन पर पुलिस का एक्शन, ओवरलोडिंग और दस्तावेजों में खामी मिलने पर 8 बसों पर कार्रवाई
घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से संचालित बसों के खिलाफ शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अमिला चौकी प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में थानीदास मोड़ पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान क्षेत्र से गुजरने वाली दर्जनभर बसों को रोककर उनकी गहन जांच की गई। लोगों ने मांग किया कि इस तरह की प्राइवेट बसों चेकिंग बराबर होती रहनी चाहिए।
चेकिंग के दौरान कई बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां पाई गईं जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में थी। इसके अतिरिक्त कई बसों के आवश्यक दस्तावेज भी अधूरे या निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आठ बसों का ई-चालान किया।
पुलिस ने बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), फिटनेस, बीमा और परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। जिन वाहनों में दस्तावेजी कमियां मिलीं उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में ओवरलोडिंग, अवैध संचालन या वैध दस्तावेजों के बिना वाहन चलाते पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमिला चौकी प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों के लिए गंभीर खतरा भी पैदा कर सकता है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक अपने दस्तावेजों को व्यवस्थित करते दिखे। वहीं आम यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की। उनका मानना है कि ऐसी नियमित कार्रवाई से अवैध बस संचालन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगेगी जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।






















































Leave a comment