Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में स्वाइन फ्लू के 4 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा—घबराएं नहीं, सावधानी बरतें; भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क जरूरी

आजमगढ़। जनपद में मौसमी इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1/स्वाइन फ्लू) के चार पॉजिटिव मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि जिला सर्विलांस अधिकारी द्वारा लखनऊ एवं वाराणसी स्थित चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का जनपद स्तर पर सत्यापन कर लिया गया है।
सीएमओ के अनुसार, सत्यापित चार मामलों में लगभग एक वर्षीय बालिका, 36 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय पुरुष और 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इनमें दो मामले शहरी क्षेत्र तथा दो ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं। सभी मामलों में जिला सर्विलांस टीम द्वारा आवश्यक निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई की जा रही है।
अस्पतालों में बेड और उपचार की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग ने एच1एन1 के संभावित मरीजों के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा तरवां, लालगंज और अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पतालों में वार्ड एवं बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
अस्पतालों में जांच, उपचार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा गंभीर स्थिति में मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मास्क और स्वच्छता पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि एच1एन1 को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का प्रयोग करें। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सांस लेने में परेशानी या मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और सावधानी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा लक्षण होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh