Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग पर डीएम का शिकंजा: पवई सीएचसी प्रभारी का तबादला, तरवां 100 बेड अस्पताल की जांच के आदेश

आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। लापरवाही और खराब प्रदर्शन सामने आने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कई मामलों में कार्रवाई के आदेश दिए।

पवई सीएचसी की खराब प्रगति पर कार्रवाई

समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई की प्रगति सबसे खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर डीएम ने पवई सीएचसी के एमओआईसी को तत्काल पीएचसी में एमओ के पद पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। वहीं एनेस्थेटिक्स डॉ. मनीष सिंह को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

तरवां 100 बेड अस्पताल की होगी जांच

100 बेड चिकित्सालय तरवां में अधिकांश योजनाओं में खराब प्रदर्शन तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति के मामले को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच टीम गठित करने का निर्देश दिया।

जांच टीम 1 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक अस्पताल में हुई कुल डिलीवरी, चिकित्सकों के अवकाश तथा आशा कार्यकत्रियों के भुगतान से संबंधित मामलों की जांच करेगी। टीम को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

टीबी मरीजों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य

निक्षय पोषण योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी टीबी मरीजों का फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। फेस ऑथेंटिकेशन नहीं कराने वाले मरीजों की सहायता राशि रोकने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि प्रसूता के अस्पताल में भर्ती होते ही उसका बैंक खाता और संबंधित आवेदन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि प्रसव के बाद घर पहुंचने से पहले ही निर्धारित सहायता राशि उसके खाते में पहुंच सके।

लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने आशा, एएनएम एवं सुपरवाइजर के लंबित भुगतानों को जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ पहुंचाने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।

एक सप्ताह चलेगा विशेष अभियान

बैठक में जीरो पॉवर्टी, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, एचपीवी टीकाकरण, एनीमिया मुक्त भारत तथा एमआर-1 और एमआर-2 टीकाकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन कार्यक्रमों में तेजी लाने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

वहीं बाढ़ प्रभावित सगड़ी तहसील में मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए निरोधात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से समय रहते निपटा जा सके।

बैठक में डीडीओ संजय कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, एसीएमओ डॉ. अजीज अंसारी सहित जनपद के सभी एमओआईसी उपस्थित रहे।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh