जेवर बनवाने और दिखाने के नाम पर 18 लोगों से 50 लाख की कथित ठगी
•दो सगे भाई फरार, रक्षाबंधन के बाद मोबाइल बंद; पीड़ित सराफा कारोबारियों ने अतरौलिया थाने में दी तहरीर
आरोपियों को पकड़वाने वाले को ₹50 हजार और ठिकाने की सूचना देने वाले को ₹10 हजार इनाम का ऐलान
आजमगढ़। जेवर बनवाने और दिखाने के नाम पर विश्वास में लेकर करीब 18 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी हड़पने का कथित मामला सामने आया है। आरोप अंबेडकरनगर के कटेहरी निवासी कन्हैया सोनी और उसके भाई मोनू सोनी पर लगा है। पीड़ितों के अनुसार रक्षाबंधन के बाद से दोनों भाइयों के मोबाइल फोन बंद हैं और उनका कोई पता नहीं चल रहा है।
सोमवार को कई पीड़ित एकजुट होकर अतरौलिया थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेवरात एवं रकम की बरामदगी की मांग को लेकर तहरीर दी।
जान-पहचान बढ़ाकर बनाया भरोसा
खानपुर फतेह वार्ड नंबर-1 निवासी सराफा कारोबारी राहुल सेठ पुत्र शीतला प्रसाद सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कन्हैया सोनी और उसका भाई मोनू उनकी दुकान पर आते-जाते थे। इसी दौरान कन्हैया ने उनसे जान-पहचान बढ़ाई और विश्वास कायम किया।
आरोप है कि घर पर जेवर दिखाने की बात कहकर वह दुकान से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की सिकड़ी, सुई-धागा और लॉकेट ले गया, जिनकी कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये बताई गई है। जेवर लेकर जाने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह वापस नहीं लौटा।
दो सोने की चेन भी ले गया
तेजापुर में मिठाई की दुकान चलाने वाले राहुल मोदनवाल ने बताया कि कन्हैया अक्सर उनकी दुकान पर बैठता था। जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने जेवर बनवाने की बात कही और 15-15 ग्राम की दो सोने की चेन ले गया। दोनों चेन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने 10 दिन के भीतर जेवर वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन रक्षाबंधन के बाद से उसका मोबाइल बंद है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
वहीं तेजापुर निवासी अमित कुमार का आरोप है कि उन्होंने पत्नी के कान के टूटे जेवर और पायल बनवाने के लिए कन्हैया को दिए थे। तय समय पर जेवर वापस नहीं मिले। संपर्क करने पर मोबाइल बंद मिला।
दो साल से क्षेत्र में रहकर बढ़ाया संपर्क
पीड़ितों के मुताबिक कन्हैया पिछले करीब दो वर्षों से तेजापुर में किराए के मकान में रहकर ग्राम गोल्ड और बर्तन का कारोबार करता था। इसी दौरान उसने क्षेत्र के कई व्यापारियों और लोगों से संपर्क बढ़ाया और उनका विश्वास हासिल किया।
मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने उसकी तलाश शुरू की। बताया गया कि कटेहरी स्थित पैतृक आवास, निजामाबाद के अल्लीपुर स्थित ससुराल और बुआ के घर पर भी उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उसका भाई मोनू भी फरार बताया जा रहा है।
18 लोगों से 50 लाख हड़पने का आरोप
पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि दोनों भाइयों ने क्षेत्र के करीब 18 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी हड़प ली है। हालांकि इस रकम और पीड़ितों की संख्या की वास्तविक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़ितों ने उन्हें पकड़कर पुलिस तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये तथा उनके ठिकाने की सही जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस ने कहा—जांच के बाद होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामला करीब दो वर्षों से चले आ रहे लेनदेन से जुड़ा है। वर्तमान में आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजकर आवश्यक अनुमति ली जाएगी। इसके बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
GGS NEWS 24 | आजमगढ़
#Azamgarh #Ataraulia #Fraud #JewelleryFraud #GoldFraud #CrimeNews #GGSNEWS24

















































Leave a comment