Latest News / ताज़ातरीन खबरें

किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मेडिकल कॉलेज जौनपुर में HPV टीकाकरण की सुविधा

जौनपुर। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में किशोरियों के लिए एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यह टीकाकरण विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता पांडेय तथा बाल रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ममता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक सप्ताह बुधवार और शनिवार को एचपीवी टीकाकरण की सुविधा दी जा रही है। पात्र किशोरियों के अभिभावक निर्धारित दिवस पर अपनी बेटियों को मेडिकल कॉलेज लाकर चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक प्रक्रिया के बाद टीकाकरण करा सकते हैं।

चिकित्सकों के अनुसार ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किशोरावस्था में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और उससे संबंधित गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता और समय पर टीकाकरण बेहद महत्वपूर्ण है। चिकित्सा संस्थान का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि उनकी रोकथाम और जन-जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी पात्र बेटियों के एचपीवी टीकाकरण के संबंध में चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ.) ए.ए. जाफरी ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण से संबंधित जानकारी अथवा चिकित्सकीय परामर्श के लिए अभिभावक बाल रोग विभाग, उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर से संपर्क कर सकते हैं।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक रहें और प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को बाल रोग विभाग में चिकित्सकीय परामर्श लेकर टीकाकरण की सुविधा का लाभ उठाएं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh