Latest News / ताज़ातरीन खबरें

धान के खेत में चार दिन से पड़ा अजगर, सियार को आधा निगलने के बाद नहीं हिला जगह से ग्रामीणों में दहशत

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत एक गांव में इन दिनों एक विशालकाय अजगर को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव निवासी राजाराम यादव के ट्यूबवेल के पास धान के खेत में पिछले करीब चार दिनों से एक अजगर पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि अजगर ने एक सियार को अपना शिकार बना लिया और उसे करीब आधा निगल चुका है। इसके बाद से वह उसी स्थान पर पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, धान के खेत में अजगर को सियार को निगलते हुए देखे जाने के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है। खेत में काम करने वाले किसान भी वहां जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अजगर पिछले कई दिनों से उसी स्थान के आसपास दिखाई दे रहा है। सियार का आधा हिस्सा अजगर के मुंह में होने के कारण उसकी स्थिति भी असामान्य दिखाई दे रही है।
धान की फसल इस समय काफी घनी है, जिससे खेत में अजगर के छिपे होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों को डर है कि यदि अजगर को सुरक्षित तरीके से वहां से नहीं हटाया गया तो खेतों में आने-जाने वाले किसानों अथवा आसपास के लोगों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वन्यजीव को नुकसान पहुंचाए बिना उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों में व्याप्त दहशत दूर हो सके और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
फिलहाल अजगर के धान के खेत में पड़े होने की खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh