31 सूत्रीय मांगों को लेकर सपा-भाकपा का धरना, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
देवरिया।बरहज। 31 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव और समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह ने भी हिस्सा लिया। ज्ञापन में निर्भय नारायण मोहन सेतु की मरम्मत, मर्ज किए गए परिषदीय विद्यालयों को दोबारा संचालित करने, परसिया देवार में कटान रोकने, सोनाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की तैनाती और मिर्जापुर की जर्जर सड़क की मरम्मत समेत 31 मांगें शामिल हैं।
पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव ने कहा कि सरकार हिंदू-मुस्लिम, जात-पात और शहरों के नाम बदलने में लगी है। जनता की मूल समस्याओं के समाधान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह ने कहा कि 31 सूत्रीय मांगें आम जनता से जुड़ी हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कटान जैसी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हुआ है। मर्ज किए गए विद्यालयों को दोबारा संचालित करने और सोनाड़ी सीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती की जरूरत है। जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
भाकपा खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव विनोद सिंह ने कहा कि गरीब परिवार बच्चों की फीस जुटाने में परेशान हैं, इसके बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल रही है। शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अरविंद कुशवाहा ने कहा कि सरकार मुफ्त राशन देकर वोट की राजनीति कर रही है। बिना मान्यता के निजी विद्यालय संचालित हो रहे हैं और शिकायत के बाद अधिकारी कागजी कार्रवाई कर लौट जाते हैं। गरीब बच्चों के लिए मर्ज विद्यालयों को दोबारा संचालित करना जरूरी है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयप्रकाश सिंह ने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर शर्मा, बेचू लाल यादव, बलिस्टर शर्मा, राजेंद्र यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



























































Leave a comment