चिकित्सालय परिसर से लापता 5 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद किया
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिकित्सालय परिसर से लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को करीब 12 बजे कोटा बुजुर्ग निवासी बबलू यादव अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्री के साथ उपचार के लिए 100 शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचे थे। इसी दौरान बच्ची चिकित्सालय परिसर से अचानक कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवगांव सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चिकित्सालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्ची की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने कटघर क्षेत्र से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।





















































Leave a comment