कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटकी मिली विवाहिता, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा, पति परदेश में, बुजुर्ग सास ससुर व 1 बच्चे संग रहती थी
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के तियरा गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय तनु सिंह पत्नी अनिकेश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह घर के लोग नींद से उठे तो तनु का शव कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। इसकी जानकारी होते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी तियरा गांव पहुंच गए।
बताया गया कि तनु सिंह मूल रूप से बलिया जनपद के पियरिया गांव की रहने वाली थीं। जून 2023 में उनका विवाह तियरा गांव निवासी अनिकेश सिंह के साथ हुआ था। पति परदेश में रहकर काम करते हैं, जबकि तनु अपने बुजुर्ग सास-ससुर और करीब ढाई साल के बच्चे के साथ गांव में रहती थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आत्महत्या समेत घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



























































Leave a comment