करीब दो महीने से अनुपस्थित एलटी को नोटिस भेजकर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश पीएचसी जिगनी में आठ और सीएचसी मेंहनगर में तीन कर्मचारी गैरहाजिर मिले, मांगा स्पष्टीकरण
• करीब दो माह से अनुपस्थित एलटी को नोटिस भेजकर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश
आजमगढ़। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिगनी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। पीएचसी जिगनी के निरीक्षण के दौरान डॉ. अबरार अहमद उपस्थित मिले। वहीं वार्ड ब्वाय राम सिंह, डार्क रूम असिस्टेंट सुरेंद्र विशारद, एलटी मृत्युंजय पांडेय, स्टाफ नर्स माग्रेट, डेंटल हाईजीनिस्ट अमित सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुरजीत सिंह, डेंटल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार और चिकित्साधिकारी डॉ. अमित सिंह अनुपस्थित पाए गए। सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। एलटी मृत्युंजय पांडेय के करीब दो माह से लगातार अनुपस्थित रहने को सीएमओ ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अधीक्षक को एलटी के स्थायी पते पर तत्काल नोटिस भेजने और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने सीएचसी मेंहनगर का निरीक्षण किया। यहां महिला चिकित्साधिकारी डॉ. श्रेया सिंह छह दिन से, चिकित्साधिकारी डॉ. सरफराज अहमद तीन दिन से और वरिष्ठ सहायक नरेश कुमार एक दिन से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने तीनों का भी वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, मरीज पंजीकरण, जांच, दवा वितरण, आपातकालीन सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, वार्ड, रेफरल व्यवस्था, दवा स्टॉक और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने साफ-सफाई का भी जायजा लिया और मरीजों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


















































Leave a comment