मध्याह्न भोजन के दौरान छात्र की पिटाई का आरोप, डरे बच्चे ने स्कूल जाने से किया इनकार, परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
देवरिया।बैतालपुर क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा दो के छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि मध्याह्न भोजन के समय केला लेने जा रहे बच्चे की शिक्षक ने पिटाई कर दी। घर पहुंचने पर उसकी पीठ पर चोट के गहरे निशान देखकर परिजन परेशान हो गए। घटना के बाद से बच्चा इतना डरा हुआ है कि स्कूल जाने से भी मना कर रहा है। मामले में परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बच्चा विद्यालय में पढ़ने गया था। दोपहर के भोजन के समय बच्चों को फल बांटे जा रहे थे। इसी दौरान केला लेने जा रहे बच्चे को शिक्षक ने कथित तौर पर पीट दिया। परिजनों का कहना है कि बच्चे की पीठ पर चोट के निशान देखे गए हैं। घटना के बाद बच्चा भयभीत है और स्कूल का नाम सुनते ही घबराने लगता है।
बच्चे के पिता ने बताया कि उनका बेटा घटना के बाद से काफी डरा हुआ है। उन्होंने विद्यालय में बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की है।
मामले की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) उपेंद्र कुमार भारती ने विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जांच की। उन्होंने संबंधित लोगों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। बीईओ ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने स्वयं विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


























































Leave a comment