जीयनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: शौच के लिए जा रहे युवक को स्कूटी ने मारी टक्कर, मौत
•बाहर से काम कर 10 दिन पहले घर लौटा था रमाशंकर, मई में हुई थी शादी; पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जीयनपुर-खलीसा मार्ग पर अमुआरी पेट्रोल पंप के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक खड़ी कर शौच के लिए सड़क किनारे जा रहे युवक को सामने से आ रही अनियंत्रित स्कूटी ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बनकटिया गांव निवासी रमाशंकर पाल (32) पुत्र गिरधारी पाल के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रमाशंकर करीब 10 दिन पहले ही बाहर से काम करके अपने घर लौटा था। बुधवार को वह बाइक से फरीदपुर स्थित अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकला था।
बताया गया कि दिन में करीब 11:30 बजे अमुआरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर रमाशंकर ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और शौच के लिए जाने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल टेंपो से आजमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलने पर जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई राहुल पुत्र पल्कधारी ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मई में हुई थी रमाशंकर की शादी
रमाशंकर पाल की शादी इसी वर्ष मई महीने में पूनम के साथ हुई थी। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। शादी के कुछ ही महीने बाद सड़क हादसे में उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मां सरस्वती देवी भी बेटे की मौत से बेसुध हैं। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।


























































Leave a comment