संविलयन विद्यालय जंगल ठकुरही में आयोजित हुई अध्यापक-अभिभावक बैठक, बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर हुई चर्चा
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य के नेतृत्व में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने एवं विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से अध्यापक-अभिभावक बैठक (PTM) आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड देवरिया सदर अंतर्गत संविलयन विद्यालय जंगल ठकुरही में अध्यापक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी, देवरिया सदर श्री देव मुनि वर्मा ने की। बैठक के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री हरिनारायण सिंह रहे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री सुधाकर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी श्री देव मुनि वर्मा ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में विद्यालय और अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभिभावक बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, घर पर उनके पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण बनाएं तथा विद्यालय के शिक्षकों से निरंतर संवाद बनाए रखें। बच्चों की प्रगति की जानकारी अभिभावकों तक नियमित रूप से पहुंचने से उनकी सीखने की क्षमता में और सुधार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और जीवनोपयोगी कौशल प्रदान करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षिक प्रगति, गृहकार्य, स्वच्छता, अनुशासन तथा विद्यालय एवं घर के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी विद्यालय से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक में विद्यालय के शिक्षक श्री दुर्गा शंकर द्विवेदी, श्री अखिलेश मिश्र, श्री सत्यम तिवारी, श्रीमती श्वेता सिंह, श्रीमती संगीता सिंह एवं श्रीमती सुमन पांडेय उपस्थित रहे। ग्राम सभा के सम्मानित अभिभावकों में श्री सोमनाथ मिश्र, श्री बबलू राजभर, श्री राजेश भारती, श्री कुबेर चौरसिया, श्रीमती आशा देवी, श्रीमती सविता देवी एवं श्री जाबिर अहमद सहित अन्य अभिभावकों ने सहभागिता की।
विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अरविन्द राय शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


























































Leave a comment