फूलपुर कोतवाली का त्रैमासिक निरीक्षण, CO ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
•जनसुनवाई से लेकर साइबर हेल्प डेस्क तक की जांच, पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
फूलपुर, आजमगढ़। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह ने सोमवार को कोतवाली फूलपुर का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विवेचना कक्ष, भोजनालय और पुलिसकर्मियों के बैरक का निरीक्षण किया। साथ ही थाने में रखे विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई।
सीओ ने पुलिसकर्मियों को आधुनिक पुलिसिंग के संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने ई-साक्ष्य, ई-समन, यक्ष ऐप, साइबर पोर्टल, CEIR पोर्टल, वूमेन पावर लाइन 1090 और i-RAD जैसे डिजिटल माध्यमों का गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। लंबित मामलों और विवेचनाओं का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


























































Leave a comment