Latest News / ताज़ातरीन खबरें

एक ही गमछे से बंधे मिले देवर भाभी के शव 10 दिन से थे लापता, पति ने जताई हत्या की आशंका

एटा। मिरहची थाना क्षेत्र में हजारा नहर से गुरुवार को देवर-भाभी के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। दोनों शव एक ही गमछे से कमर के पास बंधे मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नहर से बाहर निकलवाकर पहचान कराई और परिजनों को सूचना दी। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान कासगंज जिले के मनौटा गांव निवासी प्रियंका (23) और उसके देवर कृष्णकांत (21) के रूप में हुई है। प्रियंका के पति पंकज के अनुसार उसने वर्ष 2021 में प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों पानीपत में रहकर काम करने लगे थे। वर्ष 2022 में उनके यहां बेटी श्रृष्टि का जन्म हुआ। पंकज ने बताया कि सात सितंबर को प्रियंका बिना बताए पानीपत से गांव के लिए चली आई थी। घर पहुंचने पर वह नहीं मिली। उसी दिन देर शाम कृष्णकांत भी दवाई लाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई। आठ सितंबर को नदरई स्थित हजारा नहर के पिकनिक स्पॉट के पास एक थैला मिला था। इसमें पांच हजार रुपये, पर्स, कपड़े और एटीएम कार्ड रखा था। नहर में डूबने की आशंका पर पुलिस ने गोताखोरों और पीएसी फ्लड यूनिट की मदद से कई दिनों तक तलाश कराई, लेकिन दोनों का पता नहीं चला।पंकज के मुताबिक, रात करीब तीन बजे कृष्णकांत ने उसे फोन किया था। वह काफी घबराया हुआ था और कह रहा था कि “अब हम नहीं बचेंगे।” इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। इधर, दोनों शव एक ही गमछे से बंधे मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं देवर-भाभी के बीच प्रेम संबंध की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि पंकज और परिजनों ने इन चर्चाओं से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पंकज ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का संदेह भी जताया है। पंकज का कहना है कि कई दिनों तक पानी में रहने के बाद शवों की स्थिति सामान्य तौर पर काफी बदल जाती है, जबकि बरामद शवों की स्थिति को लेकर उन्हें संदेह है। थानाध्यक्ष विदेश राठी ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि हजारा नहर से दो शव बरामद हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh