घर-घर और प्रतिष्ठानों में जले दीप, पद्मावती पोखरा समेत प्रमुख स्थलों पर हुआ दीप प्रज्वलन
देवरिया।प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को जनपद में ‘सेवा दिवस’ एवं ‘आशीर्वाद का दिया’ के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों तथा आमजन ने गुरुवार की शाम सात बजे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित किए। जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों ने उत्साह के साथ दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इसके साथ ही सरकार की ओर से कराए गए प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं को भी दीपों से रोशन किया गया।
जनपद में प्रमुख विकास स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के पद्मावती (परमार्थी)पोखरा पर सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित संबंधित अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किए। इसी क्रम में बड़ा पार्क, न्यू कॉलोनी में भी दीप प्रज्वलित कर स्थल को रोशन किया गया। प्रमुख स्थलों पर एक साथ दीप जलने से आकर्षक दृश्य देखने को मिला।
वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार तथा वर्ष 2017 के बाद केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न विभागों के माध्यम से पूर्ण कराए गए प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं को दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल किया गया। शिक्षण संस्थानों, चिकित्सा संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, तीर्थस्थलों, आवासीय परियोजनाओं सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप जलाए गए। शाम सात बजे एक साथ दीप प्रज्वलित होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
इसी क्रम में नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों की ओर से कराए गए विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, पार्क, कॉम्प्लेक्स, सरोवर सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को दीपों से सजाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर कराए गए विकास कार्यों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों की ओर से विकसित कराए गए स्थलों पर भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने दीप जलाए।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ दीप जलने से वातावरण रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही जिले में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं को जनसामान्य के समक्ष प्रदर्शित किया गया। प्रमुख विकास स्थलों पर दीप प्रज्वलन से लोगों में उत्साह का माहौल रहा।



























































Leave a comment