Crime News / आपराधिक ख़बरे

पोखरी में उतराया मिला लापता किशोरी का शव परिजनों ने जताई हत्या की आशंका छानबीन में जुटी पुलिस


आजमगढ़। तीन दिन पूर्व लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी का शव मंगलवार की सुबह गांव में स्थित पोखरी से बरामद होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना तरवां थाना क्षेत्र के नवापुरा गांव की बताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है।
तरवां क्षेत्र के नवापुरा ग्राम निवासी शिवकुमार राजभर की 14 वर्षीय पुत्री लकी राजभर कक्षा आठ की छात्रा थी। बताते हैं कि होली के दिन गांव के किसी युवक के साथ रंग खेलते हुए परिजनों द्वारा देख लेने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस मामले में किशोरी के भाई द्वारा विपक्षी के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट तरवां थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी को घटना के दूसरे दिन गिरफ्तार कर लिया। बीते रविवार की सुबह उक्त किशोरी घर से शौच जाने की बात कह कर निकली और फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी लापता किशोरी का पता नहीं चला। परिजन उसे हर संभावित स्थानों पर तलाश किए लेकिन सुराग न मिलने पर सोमवार को इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ लापता किशोरी को अगवा कर लेने के आरोप में तहरीर दी गई। पुलिस इस मामले में छानबीन शुरू की और मंगलवार की सुबह लापता किशोरी का शव गांव में स्थित पोखरी में उतराया मिला। इस मामले में परिजनों द्वारा किशोरी के हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में तरवां थानाप्रभारी रत्नेश कुमार दुबे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में कयासों का बाजार गर्म है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh