Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मेडिकल कॉलेज जौनपुर में मरीजों की भारी भीड़, फिर भी व्यवस्थित उपचार व्यवस्था

जौनपुर:होली के बाद से उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रतिदिन ओपीडी में करीब 3000 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के गांवों और कस्बों से आने वाले मरीजों की लंबी कतारें इस बात का संकेत हैं कि जिले की बड़ी आबादी अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल कॉलेज पर भरोसा कर रही है।

मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों को व्यवस्थित तरीके से लाइनबद्ध कर चिकित्सकों द्वारा समुचित उपचार और आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने स्वयं ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं, जबकि कुछ छोटी कमियों को लेकर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

प्रधानाचार्य ने कहा कि मरीजों की सेवा ही मेडिकल कॉलेज की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं, इसलिए हर मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ सहानुभूति और सहयोग भी दिया जाना जरूरी है।

साथ ही उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। जल्द ही यहां ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की सुविधा भी शुरू होने जा रही है, जिससे जिले की जनता को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh