Latest News / ताज़ातरीन खबरें

वर्षों से बदहाल है भागलपुर ब्लॉक व बीजीएम कॉलेज का मुख्य मार्ग, जलभराव से बढ़ी परेशानी

देवरिया।भागलपुर ब्लॉक कार्यालय और बीजीएम क्रिश्चियन इंटर कॉलेज को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण बदहाली का शिकार है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी विद्यालय पहुंचते हैं। शिक्षक भी इसी रास्ते से होकर बच्चों को शिक्षित और उनका भविष्य संवारने के लिए विद्यालय जाते हैं। इसके अलावा भागलपुर ब्लॉक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य लोगों का भी आना-जाना इसी मार्ग से होता है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा है। नालियों में गंदगी का अंबार लगा होने के कारण दुर्गंध उठ रही है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को संक्रमण और बीमारियों का भय भी सताने लगा है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली-नाला निर्माण और जल निकासी की समस्या को लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराने पर कई बार उन्हें असहज टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी समस्या को उठाना किसी के विरोध का विषय नहीं, बल्कि उसके समाधान की दिशा में प्रयास होना चाहिए।
लोगों ने  संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर नालियों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था, सड़क की मरम्मत तथा पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh