Crime News / आपराधिक ख़बरे

पंखा हटाते समय करंट की चपेट में आई विवाहिता, मौत

सुजानगंज के गोल्हनामऊ में दर्दनाक हादसा, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के गोल्हनामऊ ग्राम सभा में गुरुवार सुबह घर में झाड़ू लगाते समय एक विवाहिता पंखे की चपेट में आकर करंट से झुलस गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय कंचन देवी पत्नी वीरेंद्र गौतम सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान घर में रखा फर्राटा पंखा हटाने के दौरान उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग तत्काल कंचन देवी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कंचन देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी उम्र करीब पांच और चार वर्ष बताई गई है। मां की अचानक मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।

वहीं, मृतका के पति वीरेंद्र गौतम के लकवाग्रस्त होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में परिवार पर अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

कंचन देवी की मौत की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंच गए। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh