तीन घंटे में 20 लाख के जेवर और 26 हजार रुपये से भरा पर्स बरामद
•गंभीरपुर पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया सामान, क्षेत्रवासियों ने की सराहना
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस ने तत्परता और सक्रियता की मिसाल पेश करते हुए महिला का करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 26 हजार रुपये नकद से भरा पर्स महज तीन घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामद सामान को महिला को सकुशल सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, शेखवलिया भवतर गांव निवासी अनीता यादव पत्नी सतीश यादव मंगलवार को अपने भतीजे आर्यन यादव के साथ आजमगढ़ स्थित मायके से घर लौट रही थीं। रास्ते में गंभीरपुर बाजार में रुककर उन्होंने कुछ सामान खरीदा। इसके बाद दोनों अपने घर पहुंच गए।
घर पहुंचने के बाद अनीता यादव को अपना पर्स नहीं मिला। पर्स में करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 26 हजार रुपये नकद रखे थे। पर्स गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे गंभीरपुर पुलिस चौकी पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस ने महिला के आने-जाने वाले रास्तों के साथ गंभीरपुर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस की सक्रियता का नतीजा रहा कि करीब तीन घंटे के भीतर महिला का पर्स बरामद कर लिया गया। पर्स में रखे आभूषण और नकदी को पुलिस ने महिला के सुपुर्द कर दिया।
अपना कीमती सामान वापस मिलने पर अनीता यादव ने गंभीरपुर पुलिस का आभार जताया। वहीं, बुधवार को मामले की जानकारी क्षेत्र में फैलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
पर्स की बरामदगी में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सूरज चौधरी, विपिन द्विवेदी, रामविलास प्रसाद तथा कांस्टेबल योगेंद्र बहादुर यादव, उत्तम गौड़, नोमान अख्तर और धीरज सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
तीन घंटे के भीतर लाखों के जेवर और नकदी की बरामदगी ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर पुलिस को सूचना देने और तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने से खोया हुआ सामान जल्द बरामद किया जा सकता है।



























































Leave a comment