डीएम ने जिले में निर्माणाधीन बाईपास हाईवे की प्रगति की समीक्षा कर दिए निर्देश
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में जिले में एनएचएआई एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन बाईपास हाईवे के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में परियोजनाओं को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान देवरिया बाईपास के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया।
पीडब्ल्यूडी की सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का मानक बनाए रखा जाए तथा कार्यों की नियमित एवं समुचित जांच की जाए। किसी भी सड़क पर गड्ढे होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुआवजे का भुगतान किसानों को समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
पूर्वांचल विकास निधि से कराए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं तथा उनके समाधान के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जहां भी पेड़ कटान, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर तत्काल समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन बाईपास हाईवे परियोजनाओं का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी दशा में मानकविहीन अथवा गुणवत्ताहीन कार्य स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी बीके सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर सहित एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment