देवारा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सांसद धर्मेंद्र यादव को सौंपा ज्ञापन
•देवारांचल उत्थान सेवा समिति ने सड़क, बांध और विद्युत व्यवस्था में सुधार की उठाई मांगें
आजमगढ़। सगड़ी तहसील के देवारा क्षेत्र में विकास कार्यों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए देवारांचल उत्थान सेवा समिति का प्रयास लगातार जारी है। समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सदर सांसद धर्मेंद्र यादव से उनके पीडीए आवास पर मुलाकात की और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से समिति ने देवारा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया। इसमें सहदेवगंज से शंकरपुर मार्ग के पक्के निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग प्रमुख रही। समिति ने बताया कि मार्ग के कच्चा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे में मार्ग का शीघ्र पक्का निर्माण और चौड़ीकरण क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है।
महूला-गढ़वल बांध के चौड़ीकरण की मांग
समिति ने महूला-गढ़वल बांध के चौड़ीकरण की मांग भी सांसद के समक्ष रखी। समिति का कहना है कि बांध क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग होने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी अहम है। इसके चौड़ीकरण से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
ओवरलोडिंग से निजात के लिए बड़े ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
क्षेत्र की विद्युत समस्या को लेकर भी समिति ने आवाज उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में कई स्थानों पर विद्युत ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों को नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
समिति ने 5 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को हटाकर 10 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की, ताकि ओवरलोडिंग की समस्या दूर हो और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं नियमित बिजली आपूर्ति मिल सके।
सांसद ने दिया प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सांसद धर्मेंद्र यादव ने गंभीरता से सुना। उन्होंने समिति की ओर से उठाई गई मांगों पर संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने का आश्वासन दिया।
देवारा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क, बांध और विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर समिति द्वारा लगातार आवाज उठाए जाने की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई होती है तो देवारा क्षेत्र में आवागमन, विद्युत आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में काफी सुधार आ सकता है।



























































Leave a comment