Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत थाना कोतवाली एवं महिला थाना देवरिया में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

देवरिया ।जिलाधिकारी  व जिला प्रोबेशन अधिकारी महोदय के निर्देश के क्रम में महिला कल्याण विभाग, देवरिया द्वारा आज दिनांक 03 सितम्बर 2026 को मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत थाना कोतवाली देवरिया एवं महिला थाना देवरिया में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, देवरिया की अध्यक्ष डॉ. सावित्री राय की अध्यक्षता में बच्चों के संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, बाल शोषण एवं बच्चों के अधिकारों के संबंध में उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि उनके संज्ञान में बाल श्रम, बाल विवाह अथवा बच्चों के साथ किसी प्रकार का शोषण या उत्पीड़न का मामला आता है तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा हेल्पलाइन को सूचना दें।
वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी नीतू भारती जी द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन-181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि संकट की स्थिति में महिलाएं एवं बालिकाएं महिला हेल्पलाइन-181 के माध्यम से सहायता एवं आवश्यक परामर्श प्राप्त कर सकती हैं, जबकि संकटग्रस्त अथवा संरक्षण एवं देखरेख की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल, द्वारा बालक-बालिकाओं की काउंसिलिंग, मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य शिक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बच्चों को अपनी समस्याओं को बिना किसी भय के अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों के साथ साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में  मंशा सिंह, हब फार इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन देवरिया द्वारा महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत कराया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने एवं योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना निरीक्षक श्री शशि भूषण राय द्वारा की गई। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति अथवा महिलाओं एवं बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध एवं शोषण की सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दी जानी चाहिए।
महिला थाना प्रभारी श्रीमती पूनम यादव द्वारा मिशन शक्ति अभियान के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मसम्मान के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना किसी संकोच एवं भय के पुलिस तथा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देते हुए समाज में बच्चों एवं महिलाओं के प्रति संवेदनशील वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया। अंत में महिला थाना प्रभारी पूनम यादव द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा कार्यक्रम का समापन किया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh