श्री कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, स्कूल से मंदिर तक भक्ति में डूबा
देवरिया।बरहज नगर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बरहज नगर गुरुवार को पूरी तरह भक्तिमय हो गया। सुबह सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रांगण से लेकर शाम को ऐतिहासिक थाना घाट मंदिर तक हर जगह कृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।
सेंट जेवियर्स में रासलीला और दही-हांडी
स्कूल कैंपस में उत्सव का माहौल सुबह से ही छा गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य श्यामकृष्ण नाथ तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद प्रार्थना सभा और वैदिक श्लोकों का पाठ हुआ।
प्री-प्राइमरी और प्राइमरी के बच्चों ने राधा-कृष्ण और गोपियों की वेशभूषा में सबका मन मोह लिया। बच्चों ने मथुरा में कृष्ण जन्म से लेकर गोकुल की बाल लीलाओं तक रासलीला प्रस्तुत की। दिन का मुख्य आकर्षण दही-हांडी रहा। सीनियर छात्रों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी मटकी फोड़ी तो पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
तिवारी ने कहा कि गीता का संदेश बिना मोह के कर्म करना है। छात्रों को सत्य और अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। अंत में प्रसाद और छाछ वितरण हुआ।
थाना घाट मंदिर सजा, 24 जगहों पर पुलिस तैनात
उधर, नगर के ऐतिहासिक थाना घाट मंदिर में भी गुरुवार सुबह से ही सजावट जोरों पर है। मंदिर को फूल-माला और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। जन्मोत्सव पर भजन-कीर्तन के लिए बाहर से कलाकार बुलाए गए हैं। रात 12 बजे जन्म आरती के बाद भव्य भंडारा होगा।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि नगर के 24 स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे आयोजनों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। थाना घाट मंदिर पर अतिरिक्त बल लगाया गया है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
























































Leave a comment