लखनऊ: हज यात्रा 2027 के लिए तैयारियां तेज, प्रत्येक जनपद में जागरूकता बैठकें आयोजित करने का निर्णय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की बैठक सोमवार को मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर में राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) एवं उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के अध्यक्ष दानिश आज़ाद अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में हज-2026 की समीक्षा के साथ हज-2027 की तैयारियों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में हज-2026 के सफल आयोजन पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी हज-2027 को और अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर विचार कर दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में हज समिति के सदस्य स्थानीय धर्मगुरुओं एवं प्रतिष्ठित सामाजिक व्यक्तियों के साथ बैठक कर इच्छुक लोगों को हज-2027 के लिए आवेदन करने के प्रति जागरूक करेंगे।
इसके अलावा हज समिति को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम से जोड़कर हज यात्रियों तक समयबद्ध एवं सुविधाजनक तरीके से सूचनाएं पहुंचाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में हज हाउस को अधिक सुविधाजनक एवं भव्य बनाने, उसकी आय बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने, हज-2027 में यात्रियों को रूम सर्विस के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट वॉच के स्थान पर अन्य विकल्पों पर भी विचार किया गया।
सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि हज-2026 की तुलना में हज-2027 में उत्तर प्रदेश से जाने वाले यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में सदस्य इफ्तेखार अहमद, वली मोहम्मद, जुनेद अंसारी, जावेद कमर खान, हाफिज एजाज अहमद अंसारी (शाहीन), कल्बे हुसैन (कब्बन नवाब), कमरुद्दीन (जुगनू), सैयद अली वारसी, कामरान खान तथा पदेन सदस्य एवं सचिव/कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद तारिक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
— GGS NEWS 24
























































Leave a comment