Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम ने सहबदिया सुल्तानपुर के कटान स्थल का किया निरीक्षण

आजमगढ़। आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने रविवार को तहसील सगड़ी के ग्राम सहबदिया सुल्तानपुर स्थित कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे कराए जा रहे कटान रोधी कार्यों और परकुपाइन संरचनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटान रोकने के लिए कराए जा रहे सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कटान रोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं।

 

जिलाधिकारी ने गांव के निवासी बृजेश पटेल से बातचीत कर पिछले वर्ष की तुलना में नदी के कटान की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बढ़ते कटान और उससे उत्पन्न खतरे की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

उन्होंने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में नदी का बहाव और अधिक गांव की ओर बढ़ गया है। पूर्व में पत्थरों से डंपलर निर्माण होने के बावजूद उसके पीछे के हिस्से में कटान जारी है। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग से विस्तृत तकनीकी एस्टीमेट तैयार कराकर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि तट के स्थायी सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा सके।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कटान प्रभावित ग्रामीणों के बयान और स्थानीय परिस्थितियों का विस्तृत विवरण संकलित कर प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, जिससे शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।

 

उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहा है और जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं राहत संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने हाजीपुर निर्माणाधीन बंधे का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

— GGS NEWS 24


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh