Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिजली संकट पर बरहज में जनाक्रोश फूटा: सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन, SDM को 5 सूत्रीय मांगपत्र; 7 दिन का अल्टीमेटम

देवरिया।बरहज क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती, विभागीय अधिकारियों की कथित मनमानी और जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को जनाक्रोश सड़कों पर उतर आया। पूर्व अध्यक्ष अजीत जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नगर में विशाल जुलूस निकालकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी (SDM) को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अटल तिराहे पर क्रमिक एवं आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
चिलचिलाती धूप के बावजूद प्रदर्शन में भारी भीड़ उमड़ी। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए तहसील परिसर पहुंचा। भीड़ के कारण कई घंटों तक नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
धरना स्थल पर पहले नायब तहसीलदार और तहसीलदार पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ज्ञापन केवल उपजिलाधिकारी को ही सौंपा जाएगा। लगभग 20 मिनट बाद उपजिलाधिकारी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे, तब जाकर प्रदर्शनकारियों ने अपना पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अजीत जायसवाल ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के जेई, एसडीओ, एक्सईएन सहित कई जिम्मेदार अधिकारी मुख्यालय पर रात्रि विश्राम नहीं करते, जिसके कारण क्षेत्र की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि आम जनता अघोषित बिजली कटौती से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी जनता की समस्याओं से बेपरवाह हैं।
प्रमुख मांगें
* बरहज क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती तत्काल बंद की जाए।
* गौरा मार्ग का निर्माण शीघ्र कराया जाए।
* न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाए।
* विद्युत विभाग के अधिकारी मुख्यालय पर रात्रि विश्राम सुनिश्चित करें।
* क्षेत्र की जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अटल तिराहे पर क्रमिक और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदीप जायसवाल, प्रो. अजय कुमार मिश्र, विजय रावत, प्रदीप गुप्ता, संजय बरनवाल, विजय सिंह रिकू, जितेंद्र भारत, बड़े तिवारी, उमाशंकर तिवारी, अनिरुद्ध तिवारी, अमित तिवारी, मुकेश पटेल, धर्मेंद्र सिंह, अमित जायसवाल, अमरजीत सोनकर, नवाब हुसैन, लव सोनकर, अनिल सोनकर, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh