ईंट भट्ठे में काम कर रहे मजदूर युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या रायबरेली जिले में शव माइनर के किनारे रख कर भागे आरोपित
आजमगढ़ । आजमगढ़ के एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर युवक की हत्या लाठी डंडे से पीटकर कर दी गई। मंगलवार को आरोपी रायबरेली जिले में शव माइनर के किनारे रख कर भाग गए। जानकारी पर पहुंचे लोगों ने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पड़ताल कर रही है।
रायबरेली जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के शाइस्ता बाद उर्फ नगरमऊ गांव निवासी सूरज (20) पुत्र रमेश आजमगढ़ के एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। सोमवार देर रात सूरज ने भाभी को फोन करके बताया कि साथ में काम करने वाले डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के हिंगामऊ गांव के युवक का मोबाइल खो जाने पर उसके साथ मारपीट की गई है।
मंगलवार सुबह भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों ने परिवारीजनों को सूचना दी कि सूरज की मौत हो गई है। मंगलवार को कुछ लोग वाहन पर सूरज का शव लेकर रायबरेली पहुंचे और जोहवानट की गांव के पास माइनर की पटरी पर शव फेंक कर फरार हो गए।
परिवारीजनों के साथ ही आसपास के लोग भी पहुंचे। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। सभी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने बताया कि युवक की पिटाई आजमगढ़ में कुछ लोगों ने कर दी। जिससे उसकी मौत हुई है। मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर घटना की बाबत पूछताछ की जा रही है। युवक की हत्या आजमगढ़ में हुई, इसलिए केस आजमगढ़ में ही दर्ज होगा।


























































Leave a comment