Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नगर के मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापारी बंधुओ के साथ नगर पालिका अध्यक्ष ने की बैठक

देवरिया।जिलाधिकारी  के आदेशानुसार आज दिनांक 19/09/ 2026 को नगर पालिका परिषद गौरा बरहज कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल जी की अध्यक्षता में नगर पालिका सीमान्तर्गत नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर के सम्मानित व्यापारी बंधुओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में नगर के विकास, यातायात व्यवस्था, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनसमस्याओं को लेकर व्यापारियों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखी गईं।
आवारा पशुओं की समस्या का समाधान
शाम के समय नगर में आवारा पशुओं को खुले में छोड़ दिए जाने से आमजन एवं व्यापारियों को हो रही असुविधा को देखते हुए आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित बंद कराने तथा पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई किए जाने का सुझाव प्राप्त हुआ।इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।
 डूडा द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों पर सहमति
डूडा, देवरिया द्वारा नगर पालिका सीमान्तर्गत प्रस्तावित सड़क, नाली एवं प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कार्यों को व्यापारियों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। सभी व्यापारी बंधुओं द्वारा प्रस्तावित कार्यों को नगरहित में उचित बताते हुए उनके कराए जाने पर सहमति एवं स्वीकृति प्रदान की गई।
खुली नालियों की सफाई एवं स्लैब निर्माण
बैठक में नगर की खुली नालियों की सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा हुई। व्यापारियों द्वारा खुली नालियों के स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। संबंधित स्थलों पर सफाई कराने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से स्लैब रखवाने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी एवं अवर अभियंता को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आगणन तैयार करके प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
नयानगर वार्ड में नाला निर्माण
व्यापारी बंधुओं द्वारा नयानगर वार्ड में नाला निर्माण की मांग रखी गई। जनहित एवं जलनिकासी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अवर अभियंता को आवश्यक आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मेन मार्केट में क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत
मेन मार्केट में श्री टेनी साहू जी की दुकान के सामने नाली टूट जाने के कारण कई लोगों के गिरकर घायल होने की समस्या व्यापारियों द्वारा प्रमुखता से उठाई गई। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उक्त नाली की तत्काल मरम्मत/निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया गया।
 हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश
व्यापारी बंधुओं द्वारा नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर खराब/बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटों की जानकारी दी गई। जिस पर स्टोरकीपर एवं विद्युत प्रभारी को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर खराब हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड की स्थापना हेतु पहल
सभी व्यापारी बंधुओं द्वारा बरहज-देवरिया मार्ग पर डाक बंगला के सामने बंद पड़े केन यूनियन कार्यालय की भूमि पर बस स्टैंड बनाए जाने का सुझाव दिया गया।
नगर के सम्मानित व्यापारी बंधुओं द्वारा नगरहित में अपनी समस्याओं एवं महत्वपूर्ण सुझावों को साझा करने के लिए अध्यक्ष महोदया ने हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
नगरवासियों की समस्याओं का समाधान एवं नगर का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यापारियों एवं नगरवासियों द्वारा बताई जा रही समस्याओं का समुचित समाधान यथाशीघ्र सुनिश्चित कराया जाएगा।
इसी प्रकार आगे भी नगर के सम्मानित व्यापारी बंधुओं एवं नागरिकों के साथ निरंतर संवाद एवं बैठकें आयोजित कर “हर वार्ड, हर गली विकास—कोई गली छूटे नहीं” की भावना के साथ गौरा बरहज को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं विकसित नगर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जायेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh