Crime News / आपराधिक ख़बरे

चोरी की मोटरसाइकिल बेचने जा रहा युवक तमंचे के साथ गिरफ्तार

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ .315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश पुत्र अभिमन्यु राम उर्फ मन्नू राम, निवासी काशीपुर, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को संतोष कुमार यादव ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP50AQ6805 को सठियाव स्थित क्रॉसवेली आईटीआई के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर 19 अगस्त को मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक एवं लोहरा चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार कर रहे थे। 19 सितंबर की रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्रीन पैराडाइज होटल के पास मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल लेकर एक संदिग्ध दामोदरपुर अंडरपास की ओर आने वाला है।
सूचना पर पुलिस ने दामोदरपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से पहुंचे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया। भागने के दौरान गिरने से उसे सामान्य चोटें भी आईं। तलाशी में उसकी पैंट की दाहिनी जेब से .315 बोर का देशी तमंचा बरामद हुआ।
मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर का मिलान करने पर वह मुबारकपुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे में चोरी गई मोटरसाइकिल निकली। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने और उसे बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को रात 01:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ चोरी एवं बरामदगी के मामले में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही अवैध तमंचा रखने के आरोप में आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
बरामदगी: एक चोरी की मोटरसाइकिल संख्या UP50AQ6805 और एक .315 बोर का देशी तमंचा।
गिरफ्तार करने वाली टीम: उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, चौकी प्रभारी लोहरा, थाना मुबारकपुर तथा हमराह पुलिसकर्मी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh