Latest News / ताज़ातरीन खबरें

न्यायमूर्ति आलोक माथुर ने दिलाई कादीपुर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को शपथ

•न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह की अध्यक्षता में हुआ गरिमामय समारोह, अध्यक्ष अशोक पांडेय व महासचिव विकास सिंह समेत पूरी कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ; न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बेहतर समन्वय पर दिया गया जोर

कादीपुर (सुलतानपुर)।कादीपुर बार एसोसिएशन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित हुआ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक माथुर की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति और न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष अशोक पांडेय, महासचिव विकास सिंह सहित बार एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और अधिवक्ताओं ने नई टीम का अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता न्यायपालिका के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। न्याय व्यवस्था को प्रभावी और जनविश्वसनीय बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्ति को समयबद्ध और सुलभ न्याय दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता केवल अपने मुवक्किल के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की गरिमा और संविधान के मूल्यों के संवाहक भी हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह ने कहा कि अधिवक्ता और न्यायपालिका लोकतंत्र की न्यायिक व्यवस्था के दो मजबूत आधार हैं। दोनों के बीच पारस्परिक सम्मान, अनुशासन और समन्वय से ही आमजन का न्यायपालिका पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अधिवक्ताओं के हितों के अनुरूप कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि बार और बेंच का संबंध न्याय व्यवस्था की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं सुगम बनती है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण और न्यायिक वातावरण को और बेहतर बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

समारोह में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम सहित अन्य अधिकारियों ने भी नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता प्रशांत अटल, देवेंद्र मिश्र 'नगरहा', उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक, तहसीलदार उमेश चंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम, न्यायिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता जयशंकर तिवारी ने किया। अंत में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बार एसोसिएशन की गरिमा, अधिवक्ताओं के हितों तथा न्यायिक परंपराओं को सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh