Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कई जनपदों में ठगी व चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार चार अन्य साथी भी दबोचे

आजमगढ़ जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कई जनपदों में ठगी एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग के सरगना को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ गैंग के चार अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एक मारुति 800 कार, नकदी तथा ठगी में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 04 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक सिधारी विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रंजन कुमार साव, उपनिरीक्षक मुरारी मिश्रा एवं उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी पुलिस टीम के साथ छतवारा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दवाइयों की आड़ में ठगी करने वाले कुछ शातिर अपराधी मारुति 800 कार से खेमऊपुर होते हुए इटौरा मार्ग के रास्ते आजमगढ़ की ओर आ रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेमऊपुर रोड स्थित नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा करने पर वाहन सवार बदमाश बाहर निकलकर भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने बदमाशों को कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे सुबह लगभग 5:45 बजे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मौके से उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त की पहचान ध्यान सिंह पुत्र अतर सिंह, निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद, उम्र लगभग 34 वर्ष के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, ₹3,000 नकद, एक आधार कार्ड तथा विभिन्न दवा क्लीनिकों/दवाखानों के 12 विजिटिंग कार्ड बरामद किए गए। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों एवं विभिन्न जनपदों में की गई वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh