Latest News / ताज़ातरीन खबरें

लार सीएचसी पर पंजीकरण काउंटर पर ‌लग रही लंबी कतारें,  मरीज को बाहर से करना पड़ रहा अल्ट्रासाउंड

देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार में मंगलवार को अस्पताल परिसर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन बदहाल व्यवस्थाओं के कारण इलाज के लिए पहुंचे लोगों को भारी कठिनाइयो का सामना करना पड़ा। मौसम में बदलाव के कारण खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही, जिसके चलते पंजीकरण काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं और मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।

अस्पताल में ओपीडी के दौरान डॉ. विशाल यादव और डॉ. एस.एन. सरस्वती मरीजों का उपचार करते दिखे। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार किसी आधिकारिक बैठक के सिलसिले में जिला मुख्यालय गए हुए थे।

अस्पताल परिसर में निजी व बिना पंजीकृत अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों से जुड़े दलालों की सक्रियता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि ये लोग सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आ रहे भोले-भाले मरीजों को बरगलाकर अपने निजी केंद्रों पर जांच कराने के लिए ले जा रहे हैं।

पैथोलॉजी में एसी खराब, सेवाएं ठप

सीएचसी की पैथोलॉजी लैब में एसी (एयर कंडीशनर) न होने के कारण जांच करने वाली संवेदनशील मशीनें सुचारु रूप से काम नहीं कर पा रही हैं। इस तकनीकी खराबी की वजह से अस्पताल में पैथोलॉजी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हैं और मरीजों को मजबूरन बाहर की निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करानी पड़ रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh