Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नगर निकायों के विकास कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में नगर निकायों की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर निकाय शहरी विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का विकास करना नगर निकायों की प्रमुख जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिशासी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए नगर क्षेत्रों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकसित बनाएं। साथ ही संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिकाधिक लोगों को जोड़कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
          समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिशासी अधिकारी नगर क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम, पार्किंग व्यवस्था तथा सोशल सेक्टर से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वंदन योजना, वेंडिंग जोन, जलभराव की समस्या, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
          जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिशासी अधिकारी अपने-अपने नगर निकायों में संचालित कार्यों का विस्तृत प्रारूप तैयार कर अद्यतन विवरण संधारित रखें, ताकि कार्यों की समीक्षा सुगमता एवं प्रभावी ढंग से की जा सके।
          बैठक में नगर निकाय प्रभारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवरिया संजय तिवारी तथा रुद्रपुर, रामपुर कारखाना, आदि के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh