श्रीराम जन्मोत्सव की कथा सुन झूम उठे श्रद्धालु, राम जन्म के गीतों से गूंजा पंडाल
देवरिया। शहर के राजपुर नौका टोला स्थित मातेश्वरी जायसवाल मैरिज वाटिका में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास अतुल पाराशर जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित हजारों श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे।
कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल 'जय श्रीराम' के उद्घोष और राम जन्मोत्सव के मंगल गीतों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्राकट्य का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
कथा व्यास अतुल पाराशर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, सेवा और धर्म का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना की जा सकती है।
कार्यक्रम में तृतीय दिवस के दैनिक यजमान के रूप में मनोज मिश्रा, सत्य प्रकाश मद्धेशिया, अभय आनंद तिवारी, अशोक प्रसाद जायसवाल, राम प्रताप सिंह, डॉ. सत्येंद्र सिंह एवं डॉ. राम विश्वास पांडेय ने व्यासपीठ का विधिवत पूजन एवं आरती कर कथा का शुभारंभ कराया।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती में भाग लिया तथा सभी के सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार श्रीराम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का श्रद्धालुओं को रसपान कराया जाएगा।























































Leave a comment