मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें युवा : डीएम रविन्द्र कुमार
आजमगढ़, 05 अगस्त 2026। हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में बुधवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार रहे। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को बिना गारंटी एवं ब्याज मुक्त 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है।
डीएम ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से आजमगढ़ में 5 हजार से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि अभी भी कई पात्र युवा योजना का लाभ लेने से वंचित हैं, इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि युवा सीधे बैंक अधिकारियों से संवाद कर ऋण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों से पात्र आवेदकों के आवेदन पत्रों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्वीकृत आवेदनों पर शीघ्र ऋण वितरण करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऋण का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए करें, जिसके लिए उसे प्राप्त किया गया है। यदि युवा योजनाबद्ध ढंग से व्यवसाय शुरू करेंगे तो वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकेंगे।
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, बैंकिंग प्रक्रिया एवं विभागीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भी ऋण वितरण प्रक्रिया और बैंकिंग औपचारिकताओं पर युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन, एलडीएम यूबीआई अभिषेक द्विवेदी, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक प्रतिनिधि, कनिष्ठ सहायक उद्योग विभाग सुमित श्रीवास्तव, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।























































Leave a comment