खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत कटे विद्युत तार की चपेट में आने से गई जान
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन दशाव गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। जानकारी के अनुसार, जमीन दशाव गांव निवासी जोखू (55) पुत्र परसु बुधवार को अपने खेत में बिजली की मोटर से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान मोटर में लगे कटे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, शाम करीब चार बजे तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खेत पहुंचने पर जोखू मृत अवस्था में मिले। इसके बाद घटना की सूचना अतरौलिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। मृतक अपने पीछे पत्नी तिजा तथा चार पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतक के पुत्र गुलाब की तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही।























































Leave a comment