Latest News / ताज़ातरीन खबरें

घोसी नगर में घोसी कादीपुरा मार्ग के साथ अन्य मोहल्लों की सड़के हल्की बारिश में बनी लोगों के लिए मुसीबत

घोसी।मऊ। नगर पंचायत घोसी के वार्ड नंबर 14 स्थित डॉ. प्रभुनाथ रोड के साथ अन्य स्थानों पर आज हुई हल्की बारिश के बाद जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को हुई मामूली बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक महिलाओं एवं बच्चों को परेशान होना पड़ रहा है।
   घोसी नगर से कादीपुर मखदुमपुर को जाने वाली सड़क जो की निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बराबर चर्चा में रहने वाली सड़क पर बड़े-बड़े गड्डों में पानी भर जाने से कई स्थानों पर सड़क तालाब जैसी दिखाई दी। इससे लोगों को गड्डों का अंदाजा नहीं लग पा रहा था जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार डॉ. प्रभुनाथ रोड पर जलभराव की यह समस्या नई नहीं बल्कि वर्षों पुरानी है। यही हाल मुख्य मार्ग पर हो रहे नाला निर्माण के कारण घोसी दोहरीघाट सड़क पर पानी के साथ मिट्टी आने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगर के कई मोहल्लों में बनी सड़को पर प्रत्येक बरसात में  पानी भर जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। इससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है बल्कि सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैलने से आसपास के निवासियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस सड़क से प्रतिदिन आनेजाने वाले लोगो ने बताया कि हल्की बारिश में ही सड़क की बदहाली उजागर हो जाती है। गड्डों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। नगर पंचायत से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की कई बार मांग की गई है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
 वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से डॉ. प्रभुनाथ रोड की तत्काल मरम्मत कराने गड्ढों को भरवाने के साथ मुख्य मार्ग पर भी जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आगामी दिनों में होने वाली बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। साथ ही नगर वासियों ने यह भी मांग किया कि घोसी दोहरीघाट मार्ग पर नाला निर्माण के बाद किनारे पड़ी मिट्टियों को भी जल्द से जल्द हटवाया जाय। अन्यथा फिसल कर लोग घायल होते रहेंगे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh