लखनऊ: इनकम टैक्स ऑफिस में दो IRS अधिकारियों के बीच मारपीट, डिप्टी कमिश्नर घायल
लखनऊ, 29 मई 2025 : लखनऊ के आयकर विभाग कार्यालय में गुरुवार को एक गंभीर घटनाक्रम के तहत दो वरिष्ठ IRS अधिकारियों के बीच मारपीट हो गई। डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग और जॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा के बीच हुई इस झड़प में गौरव गर्ग घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कौन हैं शामिल अधिकारी?
गौरव गर्ग 2016 बैच के IRS अधिकारी हैं और लखनऊ में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। वहीं, योगेंद्र मिश्रा 2014 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में काशीपुर में जॉइंट कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। घायल गौरव गर्ग, लखनऊ पुलिस में तैनात IPS रवीना त्यागी के पति हैं।
झगड़े की वजह क्या थी?
सूत्रों के मुताबिक, झगड़े की जड़ आयकर विभाग की एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का हैंडओवर और एक इंटरनल क्रिकेट लीग के दौरान हुआ पुराना विवाद है। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले आयोजित मैच के दौरान योगेंद्र मिश्रा को टीम में नहीं लिया गया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई थी और पिच पर लेटकर विरोध दर्ज किया था। यह वीडियो बाद में वायरल हुआ, जिससे वह अन्य अधिकारियों के निशाने पर आ गए।
क्या हुआ ऑफिस में?
गुरुवार को योगेंद्र मिश्रा आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयुक्त से मुलाकात करने लखनऊ आए थे। वे सीआईटी ऋचा रस्तोगी के कमरे में पहुंचे, जहां पहले से गौरव गर्ग और एसएस शुक्ला मौजूद थे। इसी दौरान दोनों अधिकारियों के बीच ट्रांसफर को लेकर बहस शुरू हो गई। योगेंद्र मिश्रा का आरोप है कि उनके ट्रांसफर में गौरव गर्ग का हाथ था। इसी बात पर बहस इतनी बढ़ गई कि हाथापाई शुरू हो गई।
कौन पहले भिड़ा?
योगेंद्र मिश्रा का कहना है कि बहस के दौरान गौरव गर्ग ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में उन्होंने भी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने उन पर पानी से भरा गिलास फेंका। मारपीट में गौरव गर्ग के होंठ पर चोट आई और खून निकलने लगा। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया और अब उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
मामले की स्थिति क्या है?
DCP सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और शिकायत मिलते ही विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घायल अधिकारी से मिलने के लिए कई वरिष्ठ IAS, IPS अधिकारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी अस्पताल पहुंचे।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर
योगेंद्र मिश्रा ने दावा किया कि लीक हुए वीडियो के पीछे एक स्थानीय पत्रकार है जिसने उन्हें ब्लैकमेल किया। उन्होंने यह भी कहा कि मार्च में हुए उनके ट्रांसफर के पीछे गौरव गर्ग का हाथ था, जबकि नियमानुसार तीन साल से पहले ट्रांसफर नहीं किया जाना चाहिए।

























































Leave a comment