दशहरा पर्व को लेकर लार थाने में पीस कमेटी की बैठक
देवरिया ।आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार शाम लार थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निर्भय कुमार सिंह ने की। उन्होंने मूर्ति आयोजकों और क्षेत्रीय लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। सभी आयोजक और आमजन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पर्व के दौरान किसी प्रकार का उपद्रव न हो और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने डीजे संचालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप कम आवाज में साउंड बजाने की अपील की, ताकि बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में उठे बिजली, सड़क और नाली से जुड़े मुद्दे
पीस कमेटी की बैठक में स्थानीय लोगों और दुर्गा पूजा आयोजकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी पुलिस-प्रशासन के सामने रखा। लोगों ने कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे होने की समस्या उठाई। एक आयोजक ने चनुकी मोड़ से रोपन छपरा मोड़ तक स्ट्रीट लाइट नहीं जलने का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
वहीं, नाली की सफाई का मुद्दा भी सामने आया। सहजौर से चनुकी मार्ग की स्थिति पर चर्चा करते हुए आयोजकों ने बताया कि रास्ता सकरा होने के साथ सड़क किनारे पेड़-पौधों की डालियां झुकने से आवागमन में परेशानी होती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। आयोजकों ने मार्ग से आने वाले वाहनों को राऊतपार रघेन होते हुए लार की ओर डायवर्ट कराने का सुझाव दिया।
इसके अलावा रामजानकी मार्ग से होकर विसर्जन के लिए मेहरौना जाने वाले रास्ते में बने गड्ढों को भरवाने की मांग भी उठाई गई, ताकि दशहरा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों को परेशानी न हो।
बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विंध्याचल शुक्ला, उपनिरीक्षक विवेक चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक कमलेश कुमार यादव, ईओ बृजेश गुप्ता, चेयरमैन मूसा रजा लारी, पंकज सिंह, नीरज सिंह, बिट्टन सिंह, संजय वर्मा, ओमप्रकाश मोदनवाल, अखिलेश सिंह, सत्यप्रकाश, दिलीप कुमार, नागेंद्र यादव, प्रिंस पाल, प्रमोद राजभर, राहुल गुप्ता, मंजेश कुशवाहा, रामप्रवेश सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


























































Leave a comment