Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिलरियागंज में जाम की समस्या बनी नासूर, राहगीर परेशान

•सड़कों की पटरियों पर अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहन बने जाम का कारण, लोगों ने जिला प्रशासन से समाधान की मांग की
बिलरियागंज /आजमगढ़। नगर क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम की समस्या अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के नया चौक से रौनापार मार्ग, नया चौक से महराजगंज मार्ग, नया चौक से जीयनपुर मार्ग तथा नया चौक से आजमगढ़ मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। खासकर आजमगढ़ मार्ग पर पुराना चौक, खास बाजार और कासिमगंज के आसपास कब जाम लग जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं है। जाम लगने के बाद लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की पटरियों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के सामान को बाहर तक रखकर बिक्री की जाती है, जिससे सड़क का काफी हिस्सा संकरा हो जाता है। इसके अलावा पटरियों पर बस, टेंपो तथा अन्य वाहनों के बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण भी यातायात प्रभावित होता है। वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्थिति और गंभीर हो जाती है।
जाम की समस्या को देखते हुए नवागत थानाध्यक्ष द्वारा पूर्व में बिलरियागंज को जल्द ही जाम से मुक्त कराने की बात कही गई थी। इसके बावजूद कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी नगर क्षेत्र में जाम की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। इससे लोगों में निराशा है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटवाया जाए, बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले बस और टेंपो के लिए निर्धारित स्थान तय किया जाए तथा प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को होती है। कई बार जाम में एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों के फंसने की स्थिति भी बन जाती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से बिलरियागंज की जाम समस्या का स्थायी समाधान कराने, सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटवाने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि नगरवासियों और राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh