Latest News / ताज़ातरीन खबरें

खड़ी कार में अचानक लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक गुरुद्वारा मोड़ पर आधी रात हुआ हादसा, कार में रखे आरसी, बीमा कागजात, पासपोर्ट, वीजा और फ्लाइट टिकट भी जले

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा मोड़ के पास रविवार की देर रात खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर पूरी तरह राख हो गई। आबादी के बीच कार में आग लगने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि मऊ जनपद के कम्हरिया गांव निवासी मोहम्मद आमिर अपने दोस्त को बलिया से लेकर लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान निजामाबाद निवासी एक अन्य दोस्त को लेने के लिए वे गुरुद्वारा मोड़ पहुंचे। कार खड़ी करने के बाद तीनों लोग वाहन से उतरकर अपने दोस्त के घर मिलने चले गए। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बताया गया कि कार संख्या यूपी 60 एएक्स 6897 में आरसी सर्टिफिकेट, बीमा दस्तावेज समेत वाहन से संबंधित अन्य कागजात रखे थे। इसके अलावा अनिल कुमार शर्मा का पासपोर्ट, वीजा और फ्लाइट टिकट भी कार में रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जल गए। कार मालिक ने घटना की सूचना निजामाबाद थाने में दे दी है। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अचानक खड़ी कार में लगी भीषण आग से आसपास के लोग भी भयभीत नजर आए। लोगों का कहना था कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी कार के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh