आधी रात के बाद सुतावर मोड़ पर तड़तड़ाईं गोलियो, से दहल उठा इलाका
देवरिया। आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को शनिवार की आधी रात के बाद बड़ी सफलता मिली। लार थाना क्षेत्र के सुतावर मोड़ के पास पुलिस और हत्यारोपी के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। पुलिस के अनुसार, रोकने पर आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मुठभेड़ की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घायल आरोपी की पहचान दीपक तिवारी के रूप में हुई है। पहले उसे सीएचसी लार ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस को देखते ही भागा, फिर झोंक दिया फायर
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात टीम सुतावर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद से पुलिस पर था दबाव
रक्शा ग्राम पंचायत के भीखमछपरा टोला निवासी रामेश्वर तिवारी (50) की एक अक्टूबर को घर के सामने रास्ते पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। रामेश्वर तिवारी आरएसएस के समरसता प्रमुख थे। हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठे थे।
मामले में लापरवाही के आरोप में लार थानाध्यक्ष राकेश सिंह, दरोगा राममूरत, बीट आरक्षी प्रीतम भारती और चंद्रभान को निलंबित किया जा चुका है।
सात नामजद और दस अज्ञात पर मुकदमा
हत्याकांड में संजय तिवारी पुत्र श्यामनारायण तिवारी, दीपक तिवारी व प्रांजल तिवारी पुत्रगण स्व. विनोद तिवारी, अभिनित तिवारी व आदित्य तिवारी पुत्रगण संजय तिवारी तथा निखिल तिवारी पुत्र उत्तम तिवारी समेत 10 अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी अभिजीत आर. शंकर, एएसपी सुनील कुमार सिंह और सीओ गौरव सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में रामेश्वर तिवारी हत्याकांड का एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पैर में गोली लगने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।






















































Leave a comment